गौतमबुद्धनगर: भव्य कलश यात्रा के साथ सेक्टर-82 में श्रीराम कथा का शुभारंभ, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा वातावरण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। सेक्टर-82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में आयोजित श्रीराम कथा का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के बीच किया गया। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच निकली इस विशाल शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया और पूरे सेक्टर-82 व 93 में भ्रमण किया। शोभायात्रा की अगुवाई सजे-धजे घोड़ों ने की, जिनके पीछे बैंड-बाजों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु थिरकते नजर आए। इसके पश्चात कथा व्यास अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी पंचमानंद जी महाराज भव्य रथ पर सवार होकर शोभायात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। उनके पीछे भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया और जगह-जगह जलपान की व्यवस्था भी की गई। भक्तों के जयकारों और भक्ति गीतों ने वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया।
कथा व्यास स्वामी पंचमानंद जी महाराज ने अपने प्रवचन में श्रीराम कथा के महत्व को बताते हुए कहा कि “जन्म-जन्मांतर के पुण्यों के फलस्वरूप ही मनुष्य को राम कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होता है। श्रीराम कथा का श्रवण मात्र ही मेरु पर्वत के समान पापों का भी नाश कर देता है। यह कथा हमारे जीवन में संस्कारों का बीजारोपण करती है और हमें धर्म, मर्यादा व आदर्श जीवन की प्रेरणा देती है।” उन्होंने सती चरित्र एवं पार्वती विवाह का भावपूर्ण प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी देव मणि शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन क्षेत्र के सभी पॉकेट वासियों के सहयोग से संपन्न हो रहा है। श्रीराम कथा का आयोजन प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक किया जाएगा। 30 मार्च को नारद मोह, अहिल्या उद्धार जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।
इस अवसर पर देव मणि शुक्ल, संजय पांडे, गोरे लाल, रवि राघव, दीपक तिवारी, सतेंद्र कुमार सिंह, घनश्याम जोशी, हरिशंकर सिंह, संजय शुक्ला, अंगद सिंह तोमर, विष्णु शर्मा, हंसमणि शुक्ल, अनूप सिंह, अनिल कुमार शर्मा, अवनीश कुमार तिवारी, संगम प्रसाद मिश्र, राजवीर सिंह, सी.एल. तिवारी, संदीप पांडेय, सियाराम, धर्मेंद्र सिंह, विकास शर्मा, रमेश गुप्ता, विजय जी, धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, प्रकाश जोशी, पप्पू सिंह, सुभाष शर्मा, ललित शर्मा, कुंदन सिंह, सर्वेश तिवारी, दिनेश कुमार पाठक, संजीव ढाली, राकेश कुमार, प्रशांत कुमार पाठक, विजय कुमार झा, रविंद्र कुमार सिंह, अरविंद परिहार, मनीष दूबे, विनय त्रिवेदी, ललित फुलेरा, राकेश कुमार शर्मा, रामलाल, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।।
