रविवार, 29 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: खुर्शीदपुरा नहर पटरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई — अवैध हथियार के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: खुर्शीदपुरा नहर पटरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई — अवैध हथियार के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना जारचा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शस्त्र के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को खुर्शीदपुरा नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान की गई, जहां एक संदिग्ध सफेद रंग की बलेनो कार को रोककर तलाशी ली गई।

पुलिस के अनुसार, कार में सवार चारों युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल, दो मैगजीन और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से एक सीजशुदा बलेनो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर HR27K7415) भी बरामद की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मेंद्र (24 वर्ष), कुणाल (22 वर्ष), राहुल (28 वर्ष) और विशाल (24 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरियाणा के नूंह (मेवात) जनपद के ग्राम उजीना के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारों अभियुक्तों के खिलाफ थाना जारचा में मु0अ0सं0 55/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी बड़े गिरोह या आपराधिक गतिविधि से जुड़े हैं या नहीं।

थाना जारचा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की सघन चेकिंग अभियान जारी रहेंगे, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

 पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की अपील:
आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।।