गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्टंटबाज़ी पर पुलिस का शिकंजा: साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज़ निकाल रहे दो युवक गिरफ्तार, बाइक सीज!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में देर रात शांति भंग करने और खतरनाक स्टंटबाज़ी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना बिसरख पुलिस द्वारा त्वरित सूचना के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28 मार्च 2026 की रात थाना बिसरख को सूचना मिली कि पंचशील ग्रीन-1 सोसायटी के बाहर दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर साइलेंसर में अवैध संशोधन कर पटाखों जैसी तेज आवाज़ निकाल रहे हैं, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। देर रात इस तरह की हरकतों से सोसायटी में रहने वाले लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, उनकी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP14AS 2536) को भी नियमानुसार सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोटरसाइकिल के साइलेंसर में अवैध बदलाव कर तेज धमाके जैसी आवाज़ निकालना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह आम नागरिकों की शांति और सुरक्षा के लिए भी खतरा है। इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्ती बेहद जरूरी है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस की अपील:
थाना बिसरख पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास इस प्रकार की कोई भी संदिग्ध या शांति भंग करने वाली गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।।
