शुक्रवार, 27 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में भीषण अग्निकांड: सेक्टर-76 स्थित विशाल मेगा मार्ट में तड़के लगी आग, पूरी इमारत चपेट में — बड़ा हादसा टला!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में भीषण अग्निकांड: सेक्टर-76 स्थित विशाल मेगा मार्ट में तड़के लगी आग, पूरी इमारत चपेट में — बड़ा हादसा टला!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ‘विशाल मेगा मार्ट’ में शुक्रवार तड़के करीब 4:00 से 4:30 बजे के बीच भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुआं और आग का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फायर विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए दमकल की टीमों को मौके पर भेजा गया। संयुक्त प्रयास से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय इमारत में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस और फायर विभाग की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं और शहरी नियोजन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी इमारत में आग का तेजी से फैलना यह दर्शाता है कि फायर सेफ्टी मानकों में कहीं न कहीं कमी रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपायों की समीक्षा नहीं की गई, तो भविष्य में ऐसे हादसे और भी गंभीर रूप ले सकते हैं।

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन यह घटना प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए एक बड़ी चेतावनी के रूप में सामने आई है।