शुक्रवार, 27 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: भाईचारा रैली को सफल बनाने के लिए सपा का शक्ति प्रदर्शन, सुनील चौधरी की अगुवाई में सेक्टर-19 में विशाल जनसभा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भाईचारा रैली को सफल बनाने के लिए सपा का शक्ति प्रदर्शन, सुनील चौधरी की अगुवाई में सेक्टर-19 में विशाल जनसभा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। आगामी 29 मार्च को गौतमबुद्ध नगर के दादरी में प्रस्तावित समाजवादी समानता भाईचारा रैली को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से नोएडा सेक्टर-19 स्थित बारात घर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी ने किया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जनसभा में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया और अधिक से अधिक संख्या में दादरी पहुंचने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के आयोजक सुनील चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की विचारधारा पर चलती आई है, और यही संदेश इस रैली के माध्यम से पूरे प्रदेश में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से एक बार फिर सपा अपने चुनावी अभियान की मजबूत शुरुआत करने जा रही है।

सभा को संबोधित करते हुए रैली के संयोजक राजकुमार भाटी ने कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक बनेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भारी संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।

पूर्व मंत्री जावेद आब्दी ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ही वह ताकत है जो हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी महेंद्र नगर ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि 29 मार्च की रैली प्रदेश की राजनीति में नई दिशा तय करेगी। उन्होंने इसे जनसमर्थन का बड़ा प्रदर्शन बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत झोंकने की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष वीर सिंह यादव और फकीरचंद नगर ने कहा कि दादरी की धरती से चुनावी अभियान की शुरुआत पार्टी के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने 2011 में अखिलेश यादव द्वारा शुरू की गई ‘साइकिल यात्रा’ को याद करते हुए कहा कि उसी अभियान ने 2012 में सपा को सत्ता तक पहुंचाया था।

जनसभा के केंद्र में रहे सुनील चौधरी की सक्रियता और संगठन क्षमता की सराहना भी इस दौरान देखने को मिली। स्थानीय स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता इस आयोजन में साफ झलकती नजर आई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि 29 मार्च को दादरी स्थित मिहिर भोज डिग्री कॉलेज में आयोजित होने वाली इस बड़ी रैली में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के शामिल होने की संभावना है, जिससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पार्टी इसे आगामी चुनावों के मद्देनजर एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है।

कुल मिलाकर, सेक्टर-19 की यह जनसभा सपा के लिए ऊर्जा और एकजुटता का प्रतीक बनी, जिसने 29 मार्च की रैली को सफल बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार कर दिया है।।