गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: पानी से भरे गड्ढे ने ली मासूम की जान, खेलते-खेलते 5 वर्षीय बच्चे की डूबकर मौत!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, प्रीत विहार कॉलोनी निवासी उमेश कुमार का 5 साल का बेटा देव, जो पास के एक स्कूल में नर्सरी का छात्र था, दोपहर में स्कूल से घर लौटने के बाद रोज की तरह खेलने के लिए बाहर निकला था। खेलते-खेलते वह कॉलोनी के पास स्थित एक खाली खेत में पहुंच गया, जहां लंबे समय से पानी भरा हुआ गहरा गड्ढा बना हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा।
स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान
बच्चे के गिरने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े और उसे तुरंत पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा इंतजामों की कमी पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिस गड्ढे में बच्चा गिरा, वह काफी समय से पानी से भरा हुआ था और आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था या घेराबंदी नहीं थी। अगर समय रहते इस पर ध्यान दिया जाता या गड्ढे को भरवा दिया जाता, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
खाली खेत बना हादसे की वजह, पहले भी उठी थी चिंता
बताया जा रहा है कि यह गड्ढा एक खाली पड़े खेत में बना हुआ था, जिसमें कॉलोनियों का पानी जमा होता रहता है। स्थानीय निवासियों ने पहले भी इस समस्या को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहरी इलाकों में लापरवाही और असुरक्षित स्थानों की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है।
