गुरुवार, 19 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस में बड़ी कार्रवाई: गंभीर धाराएं न जोड़ने पर थाना प्रभारी व विवेचक निलंबित, जांच के आदेश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस में बड़ी कार्रवाई: गंभीर धाराएं न जोड़ने पर थाना प्रभारी व विवेचक निलंबित, जांच के आदेश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में लापरवाही के एक मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए थाना फेस-3 के थाना प्रभारी और विवेचक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक दर्ज मुकदमे में महत्वपूर्ण धाराएं शामिल न किए जाने के चलते की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 मार्च 2026 को थाना फेस-3 में आवेदिका द्वारा मु0अ0सं0 111/2026 के तहत धारा 69/351/308 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले की समीक्षा के दौरान पाया गया कि इस अभियोग में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 5(3) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) जैसी गंभीर और प्रासंगिक धाराओं को शामिल नहीं किया गया।

इस गंभीर चूक को संज्ञान में लेते हुए डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शक्ति मोहन अवस्थी से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जबकि एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा श्री उमेश यादव के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना फेस-3 के प्रभारी पुनीत कुमार और मामले की विवेचक उपनिरीक्षक प्रीति गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच अब एडीसीपी नोएडा को सौंपी गई है।

पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई को विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में ऐसी लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके।।