गोण्डा- थाना तरबगंज पुलिस ने 4 आरोपी हत्याभियुक्तों को गिरफ्तार कर आलाकत्ल डण्डा को बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि थाना तरबगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 - 103/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस से सम्बन्धित 4 आरोपी हत्याभियुक्तों रामशंकर चौहान, नानबाबू चौहान, दिनेश चौहान व रमन उर्फ अंगद चौहान निवासीगण ग्राम गजाधर पुरवा थाना कोतवाली देहात जनपद गोण्डा को जगदम्बा डिग्री कालेज लोनियन पुरवा सिंहपुर के बेलसर गोण्डा रोड से थाना क्षेत्र तरबगंज से गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल डंडा एवं मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वादी रोजअली नि0 ग्राम बनियनपुरवा विशुनपुर थाना तरबगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना तरबगंज में तहरीर दी गयी कि उनका लड़का साहिल उम्र 18 वर्ष दिनांक 24.3.26 को घर पर बताकर गया कि उसके दोस्त रामशंकर चौहान पुत्र राम प्रसाद चौहान, नानबाबू चौहान, दिनेश चौहान, रमन उर्फ अंगद चौहान निवासीगण ग्राम गजाधरपुरवा थाना को0 देहात जनपद गोण्डा उसे जन्मदिन की पार्टी के लिए पिपरी रोहुआ बुला रहे हैं। दिनांक 25.3.2026 को गाँव वालों ने बताया कि साहिल की लाश पिपरी रोहुआ ताल में पड़ी है तथा कुछ दूरी पर उसकी बाइक पड़ी है, पिपरी रोहुआ ताल पहुंचकर देखा तो उनके लड़के की लाश पड़ी थी। वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना तरबगंज में नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। दिनांक 26.3.2026 को थाना तरबगंज पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन के आधार पर चारो आरोपी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना तरबगंज पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।
पूछताछ का विवरण -
पूछताछ के दौरान अभियुक्त रामशंकर चौहान पुत्र राम प्रसाद चौहान निवासी ग्राम गजाधर पुरवा थाना कोतवाली देहात जनपद गोण्डा ने बताया कि 13.3.2026 को उसकी शादी मानसी उर्फ मन्ना के साथ हुई थी। शादी के उपरांत जानकारी हुई कि उसकी पत्नी मानसी और साहिल पुत्र रोजअली निवासी बनियापुर विष्णुपुर, थाना तरबगंज, जनपद गोण्डा की मोबाइल फोन पर बातचीत होती है। यह बात उसने अपने दोस्तों नानबाबू चौहान पुत्र जगराम चौहान, दिनेश चौहान पुत्र रामबदल चौहान और रमन उर्फ अंगद चौहान पुत्र स्व० रामअचल चौहान को भी बताया और आपस में मिलकर साहिल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजनानुसार 24.3.2026 को रामशंकर ने अपनी पत्नी के मोबाइल नंबर से साहिल को कॉल करके जन्मदिन की पार्टी के बहाने लोनियन पुरवा, पिपरी रोहुआ के पास बुलाया। निर्धारित समय पर साहिल के पहुंचने पर अभियुक्तों द्वारा साहिल को बहला-फुसलाकर तालाब की ओर ले जाया गया। जहां साहिल के अलावा सभी ने शराब का सेवन किया। इसके बाद उन्होंने ताल में साहिल को पकड़कर डंडे से मारा पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की अवस्था में अभियुक्तों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के उपरांत साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से डंडा और मृतक के मोबाइल फोन को तालाब किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। घटना के पश्चात अभियुक्तों ने मृतक की बाइक को थोड़ी दूरी पर खड़ा कर दिया, जिससे किसी को शक न हो और वे लोग एक अन्य बाइक से भाग गए।
