बुधवार, 18 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नवरात्रि से पहले सख्त कार्रवाई: मिलावटखोरों पर शिकंजा, 400 किलो कुट्टू आटा सीज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नवरात्रि से पहले सख्त कार्रवाई: मिलावटखोरों पर शिकंजा, 400 किलो कुट्टू आटा सीज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतम बुद्ध नगर, 18 मार्च 2026।
दो टूक// नोएडा: आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिले में शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिकारियों ने व्यापक अभियान चलाते हुए कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। यहां संतोष ट्रेडर्स पर जांच के दौरान 240 किलोग्राम खुला कुट्टू आटा बरामद हुआ, जिस पर न तो निर्माण तिथि अंकित थी और न ही कोई बिल-बाउचर उपलब्ध था। इसके अलावा 250 ग्राम के 244 पैकेट भी बिना बैच नंबर और निर्माण तिथि के पाए गए। टीम ने नमूना लेने के बाद करीब 238 किलो खुला आटा और 240 पैकेट सीज कर दिए।

इसी क्रम में मुस्कान ट्रेडर्स पर भी छापेमारी की गई, जहां 70 किलोग्राम खुला कुट्टू आटा और 145 पैकेट बिना आवश्यक विवरण के पाए गए। यहां से भी नमूना लेकर लगभग 70 किलो खुला आटा और 141 पैकेट सीज किए गए। कुल मिलाकर इस कार्रवाई में करीब 400 किलोग्राम कुट्टू आटा जब्त किया गया।

वहीं, सेक्टर-49 नोएडा स्थित श्री श्याम डीएसबी फुलफिलमेंट सॉल्यूशन से कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए, जबकि कासना के यूनिवर्सिटी रोड स्थित रघुनाथ प्रसाद किराना स्टोर से किशमिश का सैंपल लिया गया। इस प्रकार कुल 7 खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

अधिकारियों ने सभी खाद्य विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल लाइसेंसी और पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें तथा बिल-बाउचर और निर्माण तिथि की जांच के बाद ही बिक्री करें।

सहायक आयुक्त खाद्य ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।।