बुधवार, 18 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: महिला सुरक्षा को लेकर सख्त हुए अधिकारी: महिला थाना का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महिला सुरक्षा को लेकर सख्त हुए अधिकारी: महिला थाना का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा, गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में महिला सुरक्षा को लेकर सक्रियता तेज होती नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा ने एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती दीक्षा सिंह के साथ बुधवार को महिला थाना का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना कार्यालय के अभिलेखों, हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान थाना की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड मेंटेनेंस और पीड़ितों को दी जा रही सुविधाओं की स्थिति को परखा गया।

प्रभारी डीसीपी ने थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना परिसर और उसके आसपास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही आगंतुकों के बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को पीड़ितों की तत्काल सहायता करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि थाने में आने वाली हर शिकायत को रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए और उसका त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने की व्यवस्था को भी सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सभी विवेचकों के साथ एक गोष्ठी आयोजित कर लंबित मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि लंबित विवेचनाओं का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

इस औचक निरीक्षण से यह साफ संकेत मिल रहा है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस महिला सुरक्षा और थानों की कार्यप्रणाली को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।।