सोमवार, 30 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए ठगी और लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार, 3 आरोपी दबोचे!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए ठगी और लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार, 3 आरोपी दबोचे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को निशाना बनाकर ठगी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-113 पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-76 नोएडा क्षेत्र से तीन आरोपियों—शिवम झा, सागर ठाकुर और कमल—को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से ₹30,000 नकद, चार मोबाइल फोन, एक बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार, पीली धातु की एक चैन और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई हैं।

ऐसे करते थे वारदात

जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्राइंडर (गे डेटिंग) ऐप के माध्यम से पहले लोगों से संपर्क करते थे और उनसे दोस्ती कर लेते थे। इसके बाद वे पीड़ित को मिलने के लिए किसी सुनसान या तय स्थान पर बुलाते थे। मुलाकात के दौरान आरोपी पीड़ित को अपनी कार में बैठाकर उसे डराते-धमकाते थे और जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराकर पैसे ट्रांसफर करा लेते थे। विरोध करने पर लूटपाट भी करते थे।

संगठित तरीके से चल रहा था गिरोह

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह पूरी योजना के साथ काम करता था और अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम देता था, ताकि आसानी से पकड़ में न आ सके। बरामद कार और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल पहचान छिपाने के लिए किया जाता था।

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों में शिवम झा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

इस संबंध में थाना सेक्टर-113 में मु0अ0सं0 098/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर संपर्क करते समय सावधानी बरतें और व्यक्तिगत मुलाकात से पहले उसकी पूरी जानकारी सुनिश्चित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे साइबर और संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।