गुरुवार, 19 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ‘धुरंधर 2’ का शो ठप: तकनीकी खराबी से सेकंड हाफ रद्द, आधी रात मॉल में दर्शकों का हंगामा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ‘धुरंधर 2’ का शो ठप: तकनीकी खराबी से सेकंड हाफ रद्द, आधी रात मॉल में दर्शकों का हंगामा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ के पेड प्रीव्यू शो के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर-18 स्थित DLF Mall of India में फिल्म का सेकंड हाफ तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया। लंबे इंतजार के बाद फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों को आधी फिल्म छोड़कर लौटना पड़ा, जिससे नाराजगी भड़क उठी।

बताया जा रहा है कि बीती रात आयोजित प्रीव्यू शो के दौरान फिल्म का पहला हिस्सा सामान्य रूप से चला, लेकिन इंटरवल के बाद अचानक तकनीकी खामी आ गई। काफी देर तक समस्या का समाधान नहीं हो सका, जिसके चलते प्रबंधन ने शो का सेकंड हाफ कैंसिल करने का फैसला लिया।

इस फैसले के बाद मॉल परिसर में मौजूद दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने टिकट के पैसे वापस करने और दोबारा शो चलाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और हालात पर काबू पाया। हालांकि, इस घटना के बाद भी दर्शकों में भारी नाराजगी बनी हुई है और सोशल मीडिया पर लगातार प्रबंधन के खिलाफ प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

फिलहाल मॉल परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन यह घटना सिनेमाघर प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है—खासतौर पर तब, जब फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था।।