गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में डॉग बाइट बना जानलेवा: डॉक्टर की मां की इलाज के दौरान मौत, हार्ट अटैक से टूटा परिवार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में आवारा कुत्तों का बढ़ता खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 में डॉग बाइट का शिकार हुई एक बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय प्रशासन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पार्क में सैर बनी हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर बीटा-2 निवासी डॉक्टर मनीष की मां 6 मार्च को रोजाना की तरह पार्क में टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने उन पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। डॉक्टरों की देखरेख में उपचार जारी रहा, लेकिन उनकी हालत पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी।
इलाज के बीच बिगड़ी तबीयत, हार्ट अटैक से मौत
परिजनों के अनुसार, डॉग बाइट के बाद से ही महिला को लगातार बुखार और कमजोरी बनी हुई थी। इसी बीच 16 मार्च की रात उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। घर पर ही उन्हें सीपीआर दिया गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान डॉग बाइट से संबंधित दो जरूरी इंजेक्शन समय पर नहीं लग पाए थे, जिनकी तारीख आगे निर्धारित थी। इस बीच उनकी हालत और बिगड़ती चली गई।
परिजनों ने प्राधिकरण पर उठाए सवाल
मृतका के बेटे ने इस पूरे मामले में स्थानीय प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कुत्तों के आतंक पर काबू पाया जाता, तो शायद उनकी मां आज जीवित होतीं।
शहर में बढ़ता डॉग बाइट का खतरा
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में डॉग बाइट के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाईराइज सोसाइटी से लेकर गांवों तक, आवारा कुत्तों का डर लोगों में साफ देखा जा सकता है। प्रशासन के प्रयासों के बावजूद यह समस्या कम होने के बजाय बढ़ती नजर आ रही है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक आवारा कुत्तों का आतंक यूं ही लोगों की जान लेता रहेगा।।
