गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 की तैयारियों को रफ्तार: ग्रेटर नोएडा में 72 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 23 मार्च 2026
दो टूक// जनगणना-2027 की तैयारियों को गति देते हुए ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में जनपद स्तर पर नामित 72 फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़ी मूल अवधारणाओं, कार्यप्रणाली, निर्धारित नियमों तथा आधुनिक डिजिटल टूल्स की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही उन्हें जनगणना में उपयोग किए जाने वाले मोबाइल एप्लीकेशन और ऑनलाइन पोर्टल पर व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है, ताकि वे तकनीकी रूप से पूरी तरह दक्ष बन सकें।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात यही फील्ड ट्रेनर्स अप्रैल माह में जनपद की विभिन्न तहसीलों, नगरीय निकायों और औद्योगिक प्राधिकरणों में तैनात प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जनगणना का कार्य जमीनी स्तर पर सुचारु, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो।
जनगणना-2027 को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत 22 मई से 20 जून 2026 के बीच ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 9 से 28 फरवरी 2027 के बीच ‘जनसंख्या की वास्तविक गणना’ पूरी की जाएगी। यह प्रक्रिया देश की विकास योजनाओं, नीतियों और संसाधनों के बेहतर वितरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स के रूप में शशांक शर्मा और भूपिंदर सिंह द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जबकि जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश से नामित जिला प्रभारी प्रदीप कुमार एवं उत्कर्ष पांडेय भी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। वहीं जिलाधिकारी कार्यालय से प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शर्मा प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करते हुए मौजूद रहे।
सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर के सौजन्य से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद में जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार कर रहा है।।
