बुधवार, 11 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: 18 मार्च को विकास भवन में होगा किसान दिवस, किसानों की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: 18 मार्च को विकास भवन में होगा किसान दिवस, किसानों की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 11 मार्च 2026।
दो टूक// जनपद के किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से 18 मार्च को विकास भवन स्थित सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होगा, जिसमें जिले के किसान अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जिला मुख्यालय के निकट किसान दिवस आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में इस माह का किसान दिवस 18 मार्च को आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद के सभी प्रगतिशील किसानों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

उन्होंने बताया कि किसान दिवस के दौरान किसानों को खेती से जुड़ी नवीन तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा उत्पादन बढ़ाने के आधुनिक उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को जागरूक किया जाएगा कि वे अपनी भूमि की उर्वरता के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करें और इसके लिए उन्हें उपलब्ध कराए गए सॉइल हेल्थ कार्ड के निष्कर्षों का पालन करें, जिससे लागत कम होने के साथ उत्पादन में भी वृद्धि हो सके।

किसान दिवस में कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी किसानों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे। इस दौरान सिंचाई, ऊर्जा और कृषि उत्पादन से संबंधित विभागों के साथ-साथ कृषि, उद्यान, सहकारिता, मत्स्य, दुग्ध उत्पादन और पशुपालन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, अग्रणी बैंक प्रबंधक तथा बीमा कंपनी के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिससे किसानों को योजनाओं, ऋण सुविधाओं और बीमा संबंधी जानकारी भी मिल सके।

उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसान दिवस में भाग लेकर अपनी समस्याएं रखें और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीन बदलावों की जानकारी प्राप्त करें। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान विषय वस्तु विशेषज्ञ राजकिशोर से मोबाइल नंबर 8448211463 पर संपर्क कर सकते हैं।।