गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हिस्ट्रीशीटर महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.2 किलो अवैध गांजा बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 23 मार्च 2026
दो टूक// थाना फेस-1 नोएडा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त एक शातिर हिस्ट्रीशीटर महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 मार्च 2026 को लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई करते हुए थाना फेस-1 की टीम ने सेक्टर-8 स्थित F-24 के पास से नूरी पत्नी मनोज को गिरफ्तार किया। अभियुक्ता लंबे समय से गांजा तस्करी के अवैध धंधे में सक्रिय बताई जा रही है।
गिरफ्तार महिला की पहचान नूरी (40 वर्ष) निवासी जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-9, नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्ता एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट तथा मारपीट व उपद्रव से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियुक्ता का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वह पूर्व में भी कई बार कानून के शिकंजे में आ चुकी है। इसके बावजूद वह लगातार अवैध गतिविधियों में संलिप्त रही।
फिलहाल पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नोएडा पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
