सोमवार, 23 मार्च 2026

गोण्डा- प्रा0वि0 परेड सरकार, झंझरी में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित

शेयर करें:
गोण्डा- चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को बढ़ावा देने हेतु “मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय परेड सरकार, झंझरी में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं, महिलाओं एवं अभिभावकों को विभिन्न महिला केन्द्रित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, निराश्रित महिला पेंशन, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, 1090 तथा शक्ति सदन जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों को इन योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा इनके उद्देश्यों के बारे में भी जागरूक किया गया।
डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य ने बताया कि जागरूकता ही सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है, इसलिए इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापिका रीना यादव, सहायक अध्यापिका अनामिका पाण्डे, सीता चौधरी, सुशीला यादव, लबीशा चौधरी, नेहा तिवारी, शिक्षामित्र सुशीला यादव, ज्योति सिंह, प्रतिमा देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने मिलकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।