सोमवार, 23 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान: ‘वॉटर वॉरियर्स’ बना प्राधिकरण, World Water Award 2025-26 से नवाजा गया!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान: ‘वॉटर वॉरियर्स’ बना प्राधिकरण, World Water Award 2025-26 से नवाजा गया!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

 नई दिल्ली/नोएडा | 23 मार्च 2026

दो टूक// उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। नोएडा प्राधिकरण को जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित World Water Award 2025-26 से सम्मानित किया गया है। “Municipal Water Reuse Initiative” श्रेणी में नोएडा को Water Warriors के रूप में विजेता घोषित किया गया।

यह सम्मान 23 मार्च 2026 को नई दिल्ली स्थित होटल ललित में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल तथा राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने नोएडा प्राधिकरण की जल संरक्षण एवं पुनर्चक्रण (रीयूज) की पहल को सराहते हुए इसे देश के अन्य शहरों के लिए एक मॉडल बताया।

पुरस्कार ग्रहण करने के लिए नोएडा प्राधिकरण की ओर से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल तथा महाप्रबंधक (जल) आर.पी. सिंह अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। यह आयोजन Water Digest Water Award टीम द्वारा किया गया, जिसमें देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों ने भाग लिया।

जल प्रबंधन में बना मिसाल नोएडा

नोएडा प्राधिकरण ने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के माध्यम से जल पुनर्चक्रण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वर्तमान में शहर के विभिन्न प्लांट्स से प्रतिदिन लगभग 260 MLD (मिलियन लीटर प्रतिदिन) शुद्ध जल उपलब्ध हो रहा है।

इसमें से करीब 90 MLD पानी का उपयोग हरित पट्टियों, पार्कों, गोल्फ कोर्स, वेटलैंड, निर्माण कार्यों, अग्निशमन, तालाबों और सड़कों के छिड़काव में किया जा रहा है। इससे न केवल भू-जल स्तर में सुधार हो रहा है, बल्कि ताजे पानी पर निर्भरता भी कम हुई है।

सेक्टर-54 में विकसित हुआ आकर्षक वेटलैंड

नोएडा के सेक्टर-54 में एक पुराने वेस्ट स्थल को पूरी तरह विकसित कर 20 MLD शुद्ध जल के उपयोग से एक खूबसूरत वेटलैंड तैयार किया गया है। यह वेटलैंड अब विभिन्न प्रकार के जलीय जीव-जंतुओं का प्राकृतिक आवास बन चुका है और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

 2026-27 तक बड़ा लक्ष्य

नोएडा प्राधिकरण ने जल पुनर्चक्रण के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 तक 125 MLD शुद्ध जल के उपयोग का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए नई योजनाओं और तकनीकों पर तेजी से काम किया जा रहा है।

देश के लिए मॉडल बना नोएडा

विशेषज्ञों का मानना है कि जिस तरह नोएडा ने जल संरक्षण और पुन: उपयोग को प्राथमिकता दी है, वह देश के अन्य शहरों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बन सकता है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच यह पहल जल संकट से निपटने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है।

कुल मिलाकर, यह सम्मान न केवल नोएडा प्राधिकरण की उपलब्धि है, बल्कि उत्तर प्रदेश की प्रगतिशील नीतियों और बेहतर प्रशासन का भी प्रतीक है।।