सोमवार, 30 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ऑटो एजेंसियों के खिलाफ उबाल: 1 अप्रैल से एआरटीओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ऑटो एजेंसियों के खिलाफ उबाल: 1 अप्रैल से एआरटीओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा,
गौतम बुद्ध नगर में ऑटो एजेंसियों द्वारा कथित रूप से की जा रही मनमानी और अधिक वसूली के खिलाफ अब आंदोलन तेज होता नजर आ रहा है। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति और गौतम बुद्ध नगर ऑटो यूनियन ने संयुक्त रूप से 1 अप्रैल से एआरटीओ कार्यालय, सेक्टर-33 नोएडा पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संगठनों ने साफ कहा है कि जब तक शिवा बजाज ऑटो एजेंसी (गाजियाबाद व नोएडा) और बालाजी मोटर बजाज ऑटो एजेंसी (ग्रेटर नोएडा) के ट्रेड लाइसेंस निरस्त नहीं किए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस मुद्दे को लेकर आज एआरटीओ नंदकुमार के साथ बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन आरोप है कि शिवा बजाज एजेंसी का प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुआ। इसे लेकर यूनियन पदाधिकारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। एआरटीओ द्वारा एजेंसी का ट्रेड लॉक किए जाने की बात कही गई, लेकिन यूनियन नेताओं का कहना है कि इससे कोई ठोस असर नहीं पड़ा है।

भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के परिवहन मंत्री एवं ऑटो यूनियन के अध्यक्ष चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि एजेंसियों द्वारा सुनियोजित तरीके से गौतम बुद्ध नगर में वाहन बिलिंग रोक दी गई है, जिससे स्थानीय ऑटो चालकों को मजबूरी में गाजियाबाद से अधिक कीमत पर वाहन खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब दो महीनों से जिले में कोई बिलिंग नहीं की गई है और गाजियाबाद से वाहन खरीदने पर करीब 30 हजार रुपये तक अधिक वसूले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह पूरी व्यवस्था ऑटो चालकों के आर्थिक शोषण की साजिश है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

वहीं, संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने इस मुद्दे को गरीब और मजदूर वर्ग से जुड़े ऑटो चालकों के शोषण का मामला बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता नहीं बल्कि कमजोर वर्ग के अधिकारों का खुला हनन है। बीसी प्रधान ने जोर देकर कहा कि किसी भी कीमत पर बिल से अधिक वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी एजेंसियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शिवा बजाज एजेंसी के खिलाफ जबरन वसूली का मुकदमा दर्ज किया जाए और संबंधित एजेंसियों के ट्रेड लाइसेंस तत्काल निरस्त किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह आंदोलन आर-पार की लड़ाई में बदल जाएगा।

यूनियन पदाधिकारियों ने एआरटीओ को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया है कि 1 अप्रैल से शुरू होने वाला आंदोलन अनिश्चितकालीन होगा और इसमें बड़ी संख्या में ऑटो चालक और किसान शामिल होंगे।

इस बैठक में मुख्य रूप से सुधीर ठाकुर, बबलू यादव, धनंजय शाह, पवन पंडित, अतुल तिवारी, अरुण दादा, नरेंद्र पाल, गोविंद मंडल, भूरा पाल, साहिल, सुदीप, संजय दादा, वीरेंद्र पाल, जसवंत, अंकित पाल, शंभू शीशपाल, वीपी सिंह, पप्पू फौजी और गवर्नर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।।