मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

सुल्तानपुर : माँ भारती के लाल को अंतिम सलाम, शहीद के अन्तिम यात्रा मे उमड़ा जनसैलाब।||Sultanpur:A final salute to the son of Mother India; a massive crowd gathered for the martyr's last journey.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर : 
माँ भारती के लाल को अंतिम सलाम, शहीद के अन्तिम यात्रा मे उमड़ा जनसैलाब।
दो टूक : सुलतानपुर। जिस मां ने ऐसे वीर को जन्म दिया, उसे नमन… और जिस पिता ने अपने लाल को भारत माता की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया, उसे शत-शत प्रणाम। देश की आन-बान-शान पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीद भूपेंद्र सिंह आज पंचतत्व में विलीन हो गए।
सदर विधानसभा क्षेत्र के बरुईपुर निवासी वीर शहीद भूपेंद्र सिंह की अंतिम यात्रा जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुँची, पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘शहीद भूपेंद्र सिंह अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। हर आंख नम थी और हर दिल गर्व से भरा हुआ।
अंतिम यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस भावुक क्षण में क्षेत्रीय विधायक राजबाबू उपाध्याय ने शहीद के पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
राजबाबू उपाध्याय ने कहा—
“एक सैनिक का कंधा देश का भार उठाता है। आज उस कंधे को कंधा देते हुए अपार गर्व के साथ गहरे दुःख की अनुभूति हो रही है। भूपेंद्र सिंह का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। उनकी शौर्यगाथा क्षेत्र के युवाओं को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।”
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शहीद परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की और कहा कि पूरा समाज और क्षेत्र शहीद परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा है।
वीर शहीद भूपेंद्र सिंह का यह सर्वोच्च बलिदान न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनका नाम देशभक्ति, साहस और त्याग की अमर मिसाल बनकर सदैव जीवित रहेगा।