गौतमबुद्धनगर: दहेज में फ्लैट नहीं मिला तो हैवान बना पति, गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
50 लाख खर्च कर की थी शादी, फिर भी नहीं बुझा लालच; पति-सास-ससुर समेत 6 पर FIR
दो टूक// ग्रेटर नोएडा।
दहेज के लालच ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया। ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज में फ्लैट और मकान की मांग पूरी न होने पर एक गर्भवती विवाहिता की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
शादी में 50 लाख खर्च, फिर भी दहेज की भूख बरकरार
नोएडा के गिझोड़ गांव निवासी दीपचंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शिवानी की शादी 6 मार्च 2025 को जारचा थाना क्षेत्र के एनटीपीसी निवासी लोकेश से की थी। शादी में कार, 5 लाख रुपये नकद, 25 तोला सोना, करीब डेढ़ किलो चांदी सहित अन्य कीमती सामान दिया गया, जिस पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च हुए।
इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और शादी के कुछ ही समय बाद शिवानी पर फ्लैट दिलाने और मकान बनाने के लिए पैसों की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा।
लगातार प्रताड़ना, समझाने पर भी नहीं माने आरोपी
परिजनों का आरोप है कि शिवानी को पति लोकेश, सास सावित्री, ससुर गोपाल, जेठ उमेश और जेठानी पिंकी द्वारा लगातार दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार मायके पक्ष ने ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों का रवैया नहीं बदला।
मौत से एक दिन पहले मां को किया था फोन
31 जनवरी 2026 को शिवानी ने अपनी मां को फोन कर ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। मां ने बेटी को ढांढस बंधाया और कहा कि अगले दिन उसके पिता बात करने आएंगे।
लेकिन 1 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे परिजनों को सूचना दी गई कि शिवानी की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया है।
अस्पताल पहुंचते ही सामने आई सच्चाई
परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो शिवानी की मौत हो चुकी थी। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की गला घोंटकर हत्या की गई है। शव पर चोट के निशान थे और अंगूठे पर नीली स्याही के निशान भी मिले। बताया गया कि शिवानी गर्भवती थी, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया।
आत्महत्या का दावा, हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, शिवानी को अस्पताल उसका जेठ लेकर पहुंचा था, जिसने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही। हालांकि परिजनों के गंभीर आरोपों के आधार पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई
जारचा थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
