गौतमबुद्धनगर: होटल के कमरे में मिली 20 वर्षीय युवती की लाश, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा।
नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-19 स्थित एक होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब होटल के एक कमरे में 20 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई और तत्काल पुलिस अधिकारी, थाना पुलिस व फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची।
मृतका की पहचान कोमल, निवासी ग्राम अगवानपुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस ने होटल के कमरे को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर मौजूद होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है, वहीं यह भी जांच का विषय है कि युवती होटल में किन परिस्थितियों में ठहरी थी और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कॉल डिटेल्स समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर पुलिस हर एंगल से गंभीरता से जांच कर रही है।।
