मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

भारी बारिश में इंसानियत पर भारी पड़ा नियम: जियामऊ पुल पर खड़ी गाड़ियों के कटे चालान, लखनऊ पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल!!

शेयर करें:

भारी बारिश में इंसानियत पर भारी पड़ा नियम: जियामऊ पुल पर खड़ी गाड़ियों के कटे चालान, लखनऊ पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// लखनऊ।
राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जियामऊ पुल से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लखनऊ पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मूसलाधार बारिश से बचने के लिए मजबूरी में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर पुलिस ने राहत देने के बजाय ऑनलाइन चालान की कार्रवाई शुरू कर दी।

तेज़ बारिश के कारण दृश्यता कम हो गई थी और सड़कों पर चलना जोखिम भरा हो गया था। ऐसे हालात में कई वाहन चालकों ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गाड़ियाँ सड़क किनारे रोक लीं। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हालात को समझने के बजाय नियमों की सख़्ती दिखाते हुए खड़ी गाड़ियों के चालान काट दिए।

वीडियो वायरल होने के बाद शहरवासियों में गहरा रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि बारिश जैसी आपदा की स्थिति में पुलिस से सहयोग और संवेदनशीलता की उम्मीद होती है, न कि दंडात्मक कार्रवाई की। आमजन का आरोप है कि पुलिस ने इंसानियत को दरकिनार कर केवल चालान की कार्रवाई पर ध्यान केंद्रित किया।

मामले को और संवेदनशील बनाता है यह तथ्य कि यह पूरी घटना उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) आवास से महज़ कुछ मीटर की दूरी पर हुई। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब शीर्ष पुलिस अधिकारियों के आवास के पास यह स्थिति है, तो आम इलाकों में जनता के साथ कैसा व्यवहार होता होगा।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ पुलिस की जमकर किरकिरी हो रही है। कई यूज़र्स ने पुलिस की इस कार्रवाई को असंवेदनशील बताते हुए आपदा के समय मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की है। वहीं, अब लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि क्या बारिश जैसी आपात परिस्थितियों में नियमों के साथ-साथ विवेक का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

फिलहाल, इस पूरे मामले पर लखनऊ पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद विभाग की छवि को नुकसान पहुंचना तय माना जा रहा है।।