सोमवार, 2 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की बेटी मीनू यादव का यूपी सीनियर महिला क्रिकेट टीम में चयन, वनडे ट्रॉफी में दिखाएंगी दम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की बेटी मीनू यादव का यूपी सीनियर महिला क्रिकेट टीम में चयन, वनडे ट्रॉफी में दिखाएंगी दम!!

!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा 

नोएडा के सेक्टर-122 स्थित पर्थला खंजरपुर गांव की होनहार क्रिकेटर मीनू यादव ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मीनू यादव का चयन उत्तर प्रदेश सीनियर महिला क्रिकेट टीम में एक दिवसीय मुकाबलों के लिए हुआ है। वह आगामी वनडे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिसकी शुरुआत 6 फरवरी से गुजरात के राजकोट में होगी।

मीनू यादव, समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष सूबे यादव की पुत्री हैं। चयन प्रक्रिया के तहत पहले लखनऊ में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, इसके बाद चार दिवसीय विशेष कैंप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर एकदिवसीय टीम का चयन किया गया, जिसमें मीनू यादव ने अपने शानदार खेल से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

मीनू यादव एक तेज गेंदबाज होने के साथ-साथ ऑलराउंडर भी हैं। उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि आज वह सीनियर स्तर पर उत्तर प्रदेश टीम का हिस्सा बनी हैं।

मीनू यादव के सीनियर टीम में चयन की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव और आसपास के लोगों ने इसे नोएडा के लिए गौरव का क्षण बताया है।

इस अवसर पर वरिष्ठ सपा नेता राघवेंद्र दुबे ने मीनू यादव को बधाई देते हुए कहा कि मीनू ने अपने कठिन परिश्रम और प्रतिभा के बल पर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे नोएडा का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। मीनू यादव की यह उपलब्धि अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देगी।

मीनू यादव की इस सफलता पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।।