गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा का सख्त पहरा: डीसीपी यमुना प्रसाद ने पुलिस बल के साथ की फुट पेट्रोलिंग, संदिग्धों पर कड़ी नजर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग तेज, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशों के क्रम में जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लगातार सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीसीपी नोएडा श्री यमुना प्रसाद ने एसीपी-1 नोएडा श्री प्रवीण कुमार सिंह एवं पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 क्षेत्र अंतर्गत महत्वपूर्ण एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों के आसपास पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान डीसीपी नोएडा ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को हर हाल में सुचारु रखा जाए तथा संदिग्ध प्रतीत होने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन को रोककर गहन चेकिंग की जाए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही डीसीपी नोएडा द्वारा सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद भी किया और उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।।
