सोमवार, 2 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 में थार का तांडव, घर के बाहर खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर, CCTV में कैद घटना!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 में थार का तांडव, घर के बाहर खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर, CCTV में कैद घटना!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

रफ्तार और लापरवाही का कहर, टक्कर मारकर थार चालक फरार, थाना बीटा-2 क्षेत्र का मामला

दो टूक// ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 सेक्टर स्थित एक सोसाइटी में रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क किनारे घर के सामने खड़ी एक आई-10 (i10) कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आई-10 कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय कार के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार गाड़ी तेज रफ्तार में थी और चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लापरवाही से चल रही थार ने खड़ी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

यह पूरा मामला थाना बीटा-2 क्षेत्र के अंतर्गत आता है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, लेकिन इसके बावजूद लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार थार चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।।