गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-120 स्थित RG रेजीडेंसी में आग की सूचना से हड़कंप, समय रहते काबू—कोई जनहानि नहीं!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
लॉबी में LV शाफ्ट में लगी आग, फायर फाइटिंग सिस्टम से बुझी; पुलिस-फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
दो टूक// नोएडा के सेक्टर-120 स्थित RG रेजीडेंसी सोसाइटी की बहुमंजिला इमारत में सोमवार को आग लगने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। आग की खबर मिलते ही सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया और लोग एहतियातन अपने-अपने फ्लैट्स से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और थाना सेक्टर-113 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक तौर पर आग किसी फ्लैट में लगने की आशंका जताई गई, जिससे लोगों में और घबराहट फैल गई। हालांकि मौके पर पहुंचकर जांच करने पर स्पष्ट हुआ कि आग किसी फ्लैट में नहीं, बल्कि इमारत की लॉबी में स्थित LV (Low Voltage) शाफ्ट में लगी थी।
पुलिस और फायर ब्रिगेड के अनुसार बिल्डिंग के इनबिल्ट फायर फाइटिंग सिस्टम और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इस दौरान किसी भी व्यक्ति के फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई और न ही किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना है।
पुलिस ने बताया कि दिनांक 02.02.2026 को आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सोसाइटी में शांति व्यवस्था स्थापित है।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या फायर ब्रिगेड को सूचना दें।।
