सोमवार, 2 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: मौत से जूझ रहे मरीज को ले जा रही एंबुलेंस का एक्सप्रेसवे पर हादसा, सेक्टर-147 के पास पिकअप से भिड़ंत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मौत से जूझ रहे मरीज को ले जा रही एंबुलेंस का एक्सप्रेसवे पर हादसा, सेक्टर-147 के पास पिकअप से भिड़ंत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा।
नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-147 के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मौत से जूझ रहे एक बुजुर्ग मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस चालक घायल हो गया, जबकि सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस सायरन बजाते हुए मरीज को लेकर अस्पताल की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर-147 के पास अचानक पिकअप गाड़ी से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के चलते एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल एंबुलेंस चालक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

वहीं, पुलिस की सतर्कता से एंबुलेंस में सवार बुजुर्ग मरीज को दूसरी एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचवाया गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

यह घटना एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज गति और असावधानी से वाहन चलाने के खतरों की याद दिलाती है।।