मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए बदली तस्वीर: नया फर्नीचर, खिलौने और स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष ज़ोर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए बदली तस्वीर: नया फर्नीचर, खिलौने और स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष ज़ोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नायब तहसीलदार ज्योत्सना ने किया भौतिक सत्यापन, कृमिनाशक दवा वितरण व योजनाओं की समीक्षा

गौतमबुद्धनगर | 03 फरवरी 2026

दो टूक// बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण और स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूती देने की दिशा में गौतमबुद्धनगर प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नायब तहसीलदार ज्योत्सना ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए उपलब्ध कराए गए फर्नीचर व खिलौनों का भौतिक सत्यापन किया और संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सन्ध्या सोनी एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में आंगनबाड़ी केंद्रों को फर्नीचर, शिशु डेस्क और इंटरलॉकिंग मैट वितरित किए गए। इससे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, जो उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान आरबीएसके टीम के चिकित्सक डॉ. मनीष द्वारा एनडीडी (नेशनल डिवॉर्मिंग डे) कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को कृमिनाशक दवा का वितरण किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 10 फरवरी को आयोजित कृमिनाशक दिवस के अवसर पर एल्बेंडाजोल दवा का वितरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

सेक्टर मीटिंग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर, ऑपरेटर आईडी, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY) के फार्म, अपार आईडी एवं एफआरएस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। सीडीपीओ एवं पर्यवेक्षकों ने योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

इसके अतिरिक्त स्वाभिमान होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा) में शौचालय के नवनीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कराया गया। इस सराहनीय सहयोग के लिए सीडीपीओ दनकौर द्वारा होंडा इंडिया फाउंडेशन की टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि जिला प्रशासन बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और जमीनी स्तर पर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।।