मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चोरों का आतंक: सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में बढ़ीं वाहन चोरी की वारदातें, CCTV में कैद हुई बाइक चोरी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चोरों का आतंक: सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में बढ़ीं वाहन चोरी की वारदातें, CCTV में कैद हुई बाइक चोरी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा
उत्तर प्रदेश की शो विंडो कहे जाने वाले नोएडा शहर में इन दिनों चोरों के हौसले सातवें आसमान पर नजर आ रहे हैं। शहर के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में अचानक वाहन चोरी की घटनाओं में तेज़ी से इज़ाफा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।

ताज़ा मामला सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-45 का है, जहां घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल को शातिर चोर बड़ी ही आसानी से चुराकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि पूरी चोरी की घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, इसके बावजूद चोरों को पकड़ने में पुलिस को अब तक सफलता नहीं मिल पाई है।

CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर बिना किसी डर के वारदात को अंजाम देते हैं, जिससे स्थानीय पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई बार वाहन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।

घटना के बाद पीड़ित ने थाना सेक्टर-39 में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने व सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे है ।।