मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली से जोड़ने की बड़ी पहल: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने SPEL–3.0 कार्यक्रम का किया शुभारम्भ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली से जोड़ने की बड़ी पहल: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने SPEL–3.0 कार्यक्रम का किया शुभारम्भ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में युवाओं को मिला कानून, व्यवस्था और जिम्मेदारियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण

गौतमबुद्धनगर।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा छात्रों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुलिस–जन सहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से SPEL–3.0 (Students Police Experiential Learning Programme) का सफल शुभारम्भ किया गया है। यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के कुशल निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।

इस अभिनव कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों — गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, सम्राट मिहिर भोज डिग्री कॉलेज (दादरी) एवं कुमारी मायावती डिग्री कॉलेज (बादलपुर) के विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से सीधे जोड़ते हुए प्रारंभिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को पुलिस की भूमिका, दायित्वों और जिम्मेदारियों को नज़दीक से समझने का अवसर प्रदान करना है।

थानों में तय शेड्यूल के अनुसार शुरू हुआ प्रशिक्षण

SPEL–3.0 कार्यक्रम के तहत कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना सूरजपुर, थाना दादरी, थाना ईकोटेक–1, थाना कासना एवं थाना बादलपुर में पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार प्रशिक्षण सत्र प्रारम्भ किए जा चुके हैं।

इसी क्रम में आज थाना सूरजपुर (सेंट्रल नोएडा) में सम्राट मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के छात्रों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही थाना कार्यालय के दैनिक कार्यों, कार्यप्रणाली और प्रक्रियाओं से भी उन्हें अवगत कराया गया।

कानून-व्यवस्था से लेकर साइबर क्राइम तक दी जा रही जानकारी

SPEL कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को पुलिस की कार्यशैली, थाना कार्यालय का संचालन, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया, यातायात नियमों का पालन, साइबर अपराध की रोकथाम तथा महिला अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इससे युवाओं में कानून के प्रति समझ, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो रही है।

युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की अहम पहल

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध हो रहा है, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सहभागिता को भी मजबूत कर रहा है। यह पहल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।।