गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में SPEL-3.0 के तहत छात्रों का शैक्षिक भ्रमण आयोजित!!
गौतमबुद्धनगर |
दो टूक:: पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के कुशल निर्देशन में युवाओं को कानून के प्रति जागरूक करने तथा पुलिस और आमजन के बीच सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएन्शल लर्निंग कार्यक्रम (SPEL-3.0) के तृतीय चरण के अंतर्गत पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 नोएडा में छात्र-छात्राओं के लिए एक व्यापक शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थियों को पुलिस आयुक्त कार्यालय स्थित साइबर प्रकोष्ठ, मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ तथा परिवार परामर्श एवं विवाद निवारण केंद्र का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को इन इकाइयों की कार्यप्रणाली, वर्तमान समय में सामने आ रहे अपराधों के प्रकार, उनसे बचाव के प्रभावी उपाय तथा पुलिस द्वारा अपनाई जाने वाली कानूनी कार्यवाही के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) द्वारा विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया गया। इस संवाद में महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा के उपाय, कानूनी अधिकारों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि वे समाज में कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एलआईयू, साइबर प्रकोष्ठ एवं मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नए प्रकार के साइबर अपराधों, सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों, ऑनलाइन ठगी के तरीकों, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव तथा उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया। वहीं, परिवार परामर्श एवं विवाद निवारण केंद्र की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि किस प्रकार पारिवारिक एवं सामाजिक विवादों का समाधान संवाद, परामर्श और आपसी समझ के माध्यम से कराया जाता है।
इसके अतिरिक्त थाना सूरजपुर, दादरी, इकोटेक-1 एवं बादलपुर की पुलिस टीमों द्वारा संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को विभिन्न कार्यालयों का भ्रमण कराते हुए पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, जनसुनवाई की प्रक्रिया तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई, जिससे छात्रों को पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पुलिस व्यवस्था के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, उन्हें कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना तथा समाज में शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।।
