मैनपुरी में एकतरफा प्यार की हैवानियत: 12वीं के छात्र ने महिला शिक्षिका के होंठ काटे, CCTV में कैद बर्बर हमला!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
मैनपुरी (उत्तर प्रदेश)।
दो टूक:: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने महिला सुरक्षा और सामाजिक मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एकतरफा प्यार में सनकी हुए 12वीं कक्षा के छात्र ने महिला शिक्षिका पर बीच सड़क बर्बर हमला कर दिया। आरोपी ने शिक्षिका के दोनों होंठ, कान और गाल को दांतों से काट लिया। यह पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना उस समय हुई जब महिला शिक्षिका रोज़ की तरह ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं। तभी आरोपी छात्र ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया और फिर से उन्हें प्रपोज करने लगा। शिक्षिका के साफ इनकार करने पर आरोपी आपा खो बैठा। पहले कहासुनी हुई, फिर आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। उसने महिला को गली में घसीटते हुए नीचे पटक दिया और बेरहमी से उसके होंठ व चेहरे को काट लिया।
हमले के दौरान शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं और खून बहने लगा। स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल शिक्षिका को अस्पताल पहुंचाया।
आगरा रेफर, हालत गंभीर
महिला शिक्षिका को पहले मैनपुरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल शिक्षिका का इलाज जारी है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
पहले से कर रहा था पीछा, स्कूल बदलने पर भी नहीं रुका
जानकारी के अनुसार आरोपी छात्र काफी समय से महिला शिक्षिका का पीछा कर रहा था और बार-बार उन्हें प्रपोज कर परेशान कर रहा था। शिक्षिका ने कई बार मना किया और समाजिक मर्यादा का हवाला दिया, लेकिन आरोपी नहीं माना। परेशान होकर महिला ने स्कूल तक बदल लिया, इसके बावजूद आरोपी उसका पीछा करता रहा। घटना वाले दिन भी आरोपी ने अचानक रास्ता रोककर प्रपोज किया और विरोध करने पर हमला कर दिया।
CCTV फुटेज आया सामने, पुलिस जांच में जुटी
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। फुटेज में आरोपी की बर्बरता साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने महिला शिक्षिका की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और उसकी तलाश जारी है।
यह घटना मैनपुरी के शहर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है।
महिला सुरक्षा पर फिर सवाल
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2023 में महिलाओं के खिलाफ लगभग 66,381 मामले दर्ज हुए, जो देश में सबसे अधिक हैं। यह देश में दर्ज कुल मामलों का करीब 14.8 प्रतिशत है। मैनपुरी की यह घटना सरकार के महिला सुरक्षा के दावों और ज़मीनी हकीकत के बीच का अंतर उजागर करती है।
अंधा प्यार या कानून का डर खत्म?
गुरु-शिष्य जैसे पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस घटना ने समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है — क्या इसे अंधा प्यार कहा जाए या फिर कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है? फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है और पीड़ित शिक्षिका न्याय की उम्मीद कर रही हैं।।
