गौतमबुद्धनगर: निर्माणाधीन फ्लैटों को निशाना बना रहे शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़, सूरजपुर पुलिस ने 250 किलो सरिया व इलेक्ट्रिक ऑटो समेत 03 अभियुक्त दबोचे!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
ग्रेटर नोएडा | 04 फरवरी 2026
दो टूक// थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए निर्माणाधीन इमारतों से सरिया चोरी करने वाले शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से करीब 250 किलोग्राम चोरी का लोहे का सरिया तथा चोरी में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस टीम द्वारा ग्राम मलकपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन अभियुक्तों—राहुल पुत्र मुन्नी लाल, इरफान पुत्र खुर्शीद एवं शाहरुख पुत्र बेनामी—को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से चोरी का सरिया और घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16NT3187) बरामद हुआ।
पूछताछ में हुआ बड़े चोरी नेटवर्क का खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ग्राम लखनावली स्थित एक निर्माणाधीन फ्लैट से लगभग 250 किलोग्राम सरिया चोरी किया था। चोरी किए गए सरिये को इलेक्ट्रिक ऑटो के माध्यम से कबाड़ी या अन्य खरीदारों को बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त राहुल पूर्व में भी इसी स्थान से सरिया चोरी की घटना में शामिल रहा है, जिसके संबंध में थाना सूरजपुर पर पंजीकृत अभियोग में उसे पहले जेल भेजा जा चुका है। इससे यह स्पष्ट होता है कि गिरोह लंबे समय से निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स को निशाना बना रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- राहुल पुत्र मुन्नी लाल, निवासी ग्राम लखनावली, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर
- इरफान पुत्र खुर्शीद, निवासी ग्राम चकवाली, थाना रामपुर मनिहारी, सहारनपुर
(वर्तमान पता: ग्राम लखनावली, थाना सूरजपुर) - शाहरुख पुत्र बेनामी, निवासी मोहल्ला रामनगर कॉलोनी, कस्बा व थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर
अपराध पंजीकरण व आपराधिक इतिहास
इस संबंध में थाना सूरजपुर पर मु0अ0सं0 71/2026, धारा 317(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त राहुल एवं इरफान के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, मारपीट, धोखाधड़ी एवं अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी
- चोरी का 250 किलोग्राम लोहे का सरिया
- घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो (UP16NT3187)
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा की गई इस कार्यवाही को क्षेत्र में निर्माण स्थलों पर हो रही चोरियों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है।।
