गुरुवार, 5 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ₹25 हजार का इनामी ट्रैक्टर चोर गिरफ्तार, नोएडा पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ दबोचा फरार अभियुक्त!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ₹25 हजार का इनामी ट्रैक्टर चोर गिरफ्तार, नोएडा पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ दबोचा फरार अभियुक्त!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा।
दो टूक// थाना सेक्टर-58 पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25,000/- के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) भी बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से ट्रैक्टर चोरी के एक बड़े मामले में फरार चल रहा था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-60 नोएडा से अभियुक्त नितिन उर्फ विपिन कठेरिया पुत्र अशोक कठेरिया को दबोच लिया। अभियुक्त की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर बरामद किया।

ट्रैक्टर चोरी के संगठित गिरोह से जुड़ा है अभियुक्त

पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त नितिन उर्फ विपिन कठेरिया अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिनांक 26 अप्रैल 2025 को थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के अंतर्गत नोएडा प्राधिकरण की सेक्टर-60 स्थित नर्सरी से महिन्द्रा अर्जुन यूवो तथा महिन्द्रा 265 डीआई के दो ट्रैक्टर चोरी कर ले गया था। इस संबंध में थाना सेक्टर-58 पर मु0अ0सं0-0158/2025 धारा 305ए बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

घटना के खुलासे के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनकी निशानदेही पर चोरी गए दोनों ट्रैक्टरों के अलावा एक अन्य चोरी का ट्रैक्टर, रैकी में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल, एक वैगनआर कार तथा एक अवैध तमंचा बरामद किया गया था।

रैकी कर सुनसान इलाकों को बनाते थे निशाना

जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्तगण घटना को अंजाम देने से पहले सुनसान स्थानों की रैकी करते थे और रात के समय मौका पाकर ट्रैक्टरों को चोरी कर ले जाते थे। इस पूरे प्रकरण में नितिन उर्फ विपिन कठेरिया लगातार फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस द्वारा ₹25,000/- का इनाम घोषित किया गया था।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

  • नाम: नितिन उर्फ विपिन कठेरिया
  • पिता का नाम: अशोक कठेरिया
  • निवासी: सुदामानगर, इन्द्रपुरी, जलेसर रोड, थाना उत्तर, जिला फिरोजाबाद
  • उम्र: लगभग 19 वर्ष

अपराधिक इतिहास

  1. मु0अ0सं0-039/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट, थाना सेक्टर-58
  2. मु0अ0सं0-158/2025, धारा 310(2), 127(2), 3(5), 338, 336(3) बीएनएस, थाना सेक्टर-58

बरामदगी

  • 01 अवैध तमंचा (.315 बोर)

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने इस सफलता को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।।