गौतमबुद्धनगर: ₹25 हजार का इनामी बदमाश गोलू उर्फ विनोद गिरफ्तार, 50 से अधिक संगीन मामलों में था वांछित!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
फेस-1 पुलिस को बड़ी सफलता, दिल्ली-नोएडा में चोरी, स्नैचिंग व आर्म्स एक्ट के मामलों में लंबा आपराधिक इतिहास
नोएडा | 05 फरवरी 2026
दो टूक:: थाना फेस-1 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹25,000/- के इनामी व लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अभियुक्त गोलू उर्फ विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी सेक्टर-14ए क्षेत्र से मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार अभियुक्त दिल्ली और नोएडा में दर्ज करीब 50 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस मुठभेड़ के बाद से था फरार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त गोलू उर्फ विनोद थाना फेस-1 पर पंजीकृत मु0अ0सं0-00303/2025 (धारा 304(2)/317(2) बीएनएस) एवं मु0अ0सं0-00361/2025 (धारा 109/317(5) बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट) समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था। इससे पूर्व उसका साथी सह-अभियुक्त दानिश पुत्र मंजूर अली दिनांक 30 अगस्त 2025 को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है, जबकि गोलू मौके से फरार हो गया था। तभी से उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई थी।
चोरी के वाहनों से करता था स्नैचिंग
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। अभियुक्त पहले कंपनियों के बाहर या सड़कों पर खड़े वाहनों की रैकी करता, फिर उन्हें चोरी कर उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल कर स्नैचिंग की वारदातें करता था। उसका नेटवर्क दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में फैला हुआ था।
दिल्ली से लेकर गौतमबुद्धनगर तक आतंक
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों के अलावा गौतमबुद्धनगर में भी चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, पुलिस मुठभेड़ और गंभीर आपराधिक धाराओं में करीब 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा ₹25,000/- का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
- नाम: गोलू उर्फ विनोद
- पिता का नाम: अशोक
- निवासी: कल्याणपुरी, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली
- उम्र: 27 वर्ष
पुलिस कमिश्नरेट की सख्ती का संदेश
फेस-1 पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे आदतन अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।।
