सोमवार, 9 फ़रवरी 2026

राया कट यमुना एक्सप्रेसवे मथुरा महापंचायत में उमड़ा किसान जनसैलाब, भाकियू ने MSP, कर्जमाफी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ भरी हुंकार!!

शेयर करें:

राया कट यमुना एक्सप्रेसवे मथुरा महापंचायत में उमड़ा किसान जनसैलाब, भाकियू ने MSP, कर्जमाफी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ भरी हुंकार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
मथुरा/गौतमबुद्धनगर।
दो टूक// 9 फरवरी 2025 को भारतीय किसान यूनियन द्वारा राया कट, यमुना एक्सप्रेसवे मथुरा में आयोजित ऐतिहासिक किसान महापंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित कई जिलों से भारी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस महापंचायत में जाते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह का गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।

यूपी गेट पर सचिन अवाना व विपिन तंवर, महामाया फ्लाईओवर पर श्रीपाल कसाना व रोहित चपराना, जीरो पॉइंट पर मनोज मावी व करमबीर मावी, तथा जेवर टोल पर पवन चारोली व धीरज चौधरी द्वारा किसानों का जोशीला स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रमों में किसान एकता और आंदोलन के समर्थन में गगनभेदी नारे लगाए गए।

महापंचायत में मुख्य वक्ताओं के रूप में चौधरी राकेश टिकैत (राष्ट्रीय प्रवक्ता), चौधरी युद्धवीर सिंह (राष्ट्रीय महासचिव), राजवीर सिंह जादौन (राष्ट्रीय महासचिव), पंडित राजपाल शर्मा (उत्तर प्रदेश अध्यक्ष), श्रीमती बबली त्यागी (महिला प्रदेश अध्यक्ष), धर्मवीर सिंह खोखर (राष्ट्रीय सचिव), अशोक भाटी (जिलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर), सुंदर सिंह बालियान (जिलाध्यक्ष अलीगढ़), प्रेम अतुल यादव (जिलाध्यक्ष फिरोजाबाद), मीरा सिंह (जिलाध्यक्ष मथुरा) सहित अनेक प्रमुख किसान नेता मौजूद रहे।

महापंचायत में भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते, बीज विधेयक, स्मार्ट मीटर, बढ़ते बिजली बिल, तथा वन विभाग द्वारा किसानों की जमीनों पर कथित कब्जे के खिलाफ तीखा विरोध दर्ज कराया गया। किसानों ने इन नीतियों को किसान विरोधी बताते हुए उन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की।

इस दौरान किसानों की क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन एसडीएम महावन श्रीमती कंचन गुप्ता को सौंपा गया। ज्ञापन में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी दर्जा देने, किसानों की पूर्ण कर्ज मुक्ति, तथा बिजली और भूमि से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि भाकियू किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। अशोक भाटी के नेतृत्व में जिले से बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी ने संगठन की मजबूती और उनके सक्रिय नेतृत्व को स्पष्ट किया।

वहीं सचिन अवाना ने स्वागत कार्यक्रम के दौरान किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का किसान जागरूक है और अपने अधिकारों के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगा। उन्होंने युवा किसानों से आंदोलन से जुड़ने की अपील की और कहा कि भाकियू का यह आंदोलन आने वाले समय में और व्यापक रूप लेगा।

अंत में भाकियू नेतृत्व ने ऐलान किया कि 12 फरवरी 2025 को प्रदेश भर के सभी जिला मुख्यालयों पर भारतीय किसान यूनियन द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा, तथा माननीय प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखा जाएगा।।