सोमवार, 2 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: इंटीरियर के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, i Home Master Pvt. Ltd. का डायरेक्टर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: इंटीरियर के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, i Home Master Pvt. Ltd. का डायरेक्टर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब एक करोड़ रुपये के गबन का खुला राज!!

दो टूक// नोएडा।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने इंटीरियर कार्य के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए i Home Master Private Limited के डायरेक्टर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अभियुक्त गुड्डू आलम को सेक्टर-63 स्थित उसके कार्यालय से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 06 मॉनीटर, 06 सीपीयू, 06 कीबोर्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त ने अपनी कंपनी i Home Master Private Limited के माध्यम से करीब 20 से अधिक लोगों से इंटीरियर कार्य के नाम पर अनुबंध कर उनसे लगभग 94 लाख रुपये से अधिक की धनराशि हड़प ली। आरोप है कि ग्राहकों से मोटी रकम अग्रिम लेने के बाद न तो कार्य पूरा किया गया और न ही धनराशि वापस की गई। पैसे मांगने पर पीड़ितों के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।

एक मामले में ग्रेटर नोएडा स्थित फ्लैट के इंटीरियर कार्य के लिए लगभग 10 लाख रुपये लेने के बावजूद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। पीड़ित द्वारा धन वापसी की मांग करने पर अभियुक्त द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी तरह कई अन्य पीड़ितों ने भी थाना सेक्टर-63 में शिकायतें दर्ज कराईं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2021 से कंपनी का डायरेक्टर है और इंटीरियर डिज़ाइन के नाम पर ग्राहकों से कुल लागत का 50 से 60 प्रतिशत अग्रिम वसूलता था। इसके बाद घर या फ्लैट में तोड़फोड़ कर कार्य को जानबूझकर लटकाया जाता था ताकि ग्राहक किसी अन्य इंटीरियर डिज़ाइनर के पास न जा सके। अभियुक्त ने कुछ अधूरे-पूरे कार्यों को सोशल मीडिया पर प्रचारित कर नए ग्राहकों को झांसे में लिया और उनसे भी लाखों रुपये ऐंठे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी की गई धनराशि को अभियुक्त अपने निजी शौक पूरे करने में खर्च करता था।

पुलिस द्वारा दर्ज आंकड़ों के अनुसार अभियुक्त द्वारा अलग-अलग पीड़ितों से ₹6,16,000, ₹3,50,000, ₹3,43,250, ₹5,31,500, ₹2,50,000, ₹6,07,100, ₹4,90,000, ₹6,90,000, ₹3,00,000, ₹8,00,000, ₹9,00,000, ₹10,50,000, ₹3,90,000, ₹5,80,000, ₹5,40,000, ₹1,95,000, ₹5,67,929 और ₹2,00,000 की धनराशि ली गई। कुल मिलाकर अब तक ₹94,00,779 रुपये के गबन की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य पीड़ितों की जानकारी अभी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त गुड्डू आलम पुत्र मोहम्मद रुस्तम, उम्र 35 वर्ष, बी-टेक शिक्षित है और मूल रूप से मधेपुरा (बिहार) का निवासी है। वर्तमान में वह चिपियाना खुर्द, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। अभियुक्त के विरुद्ध थाना सेक्टर-63 में दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।।