OPERATION SAFE STREET: गौतमबुद्धनगर में पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 दिन में 67,480 वाहनों का चालान, 661 चालक नशे में पकड़े गए!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान “OPERATION SAFE STREET” के तहत पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड संख्या में वाहनों के विरुद्ध चालान और कानूनी कार्रवाई की है।
दिनांक 23 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक चले इस अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 1330 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें कुल 67,480 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई में ई-चालान भी सम्मिलित रहे। अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 661 चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई, वहीं 482 वाहनों को सीज किया गया।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 5,484 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 292 बीएनएस तथा 260 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत विधिक कार्रवाई अमल में लाई गई।
यह अभियान पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले के तीनों जोन—नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा—में प्रभावी रूप से चलाया गया।
नोएडा जोन में कार्रवाई
डीसीपी नोएडा जोन श्री यमुना प्रसाद के नेतृत्व में नोएडा जोन में 438 स्थानों पर चेकिंग की गई। इस दौरान 30,818 वाहनों की जांच करते हुए 9,955 वाहनों का ई-चालान किया गया तथा 267 वाहन सीज किए गए। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 4,006 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 292 बीएनएस और 110 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
सेंट्रल नोएडा जोन में कार्रवाई
डीसीपी सेंट्रल नोएडा जोन श्री शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में 445 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 16,871 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 2,947 वाहनों का ई-चालान किया गया और 22 वाहन सीज किए गए। इसके साथ ही 966 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 292 बीएनएस तथा 131 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
ग्रेटर नोएडा जोन में कार्रवाई
डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन श्री साद मिया खान के नेतृत्व में 378 स्थानों पर चेकिंग की गई। इस दौरान 17,333 वाहनों की जांच कर 3,820 वाहनों का ई-चालान किया गया तथा 75 वाहन सीज किए गए। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 512 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 292 बीएनएस और 19 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई
डीसीपी यातायात श्रीमती मनीषा सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा अलग से अभियान चलाते हुए 50,758 वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई तथा 118 वाहन सीज किए गए।
मानवीय पहल भीअभियान के दौरान अत्यधिक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 30 व्यक्तियों को सुरक्षा की दृष्टि से वाहन चलाने से रोका गया और उन्हें सुरक्षित माध्यम से उनके घर पहुंचाया गया।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें और स्वयं व अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।।
