गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अंतर्राज्यीय मोबाइल स्नेचिंग व वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 12 चोरी के दो-पहिया वाहन बरामद, दो शातिर गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल फोन स्नेचिंग और दो-पहिया वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे व निशानदेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिल, 02 स्कूटी तथा मोबाइल फोन स्नेचिंग की बिक्री से प्राप्त ₹2000 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 फरवरी 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने सेक्टर-8 नोएडा स्थित F-133 के सामने से अभियुक्त राहुल उर्फ राबर्ट पुत्र रमेश उर्फ बब्बी एवं नावेद पुत्र फल हसन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों अभियुक्त सुनियोजित तरीके से पहले रेकी करते थे, फिर मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी करते थे। चोरी किए गए दो-पहिया वाहनों का उपयोग मोबाइल फोन स्नेचिंग की वारदातों में किया जाता था।
नोएडा, दिल्ली और NCR में फैला था नेटवर्क
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नोएडा, दिल्ली एवं एनसीआर क्षेत्र में अनेक मोबाइल फोन स्नेचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है, जिनके संबंध में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त चोरी व स्नेचिंग से प्राप्त मोबाइल फोन राहगीरों को बेचकर उससे मिली रकम आपस में बांट लेते थे और उसे अपने शौक व मौज-मस्ती में खर्च कर देते थे।
गंभीर आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त राहुल उर्फ राबर्ट एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली व गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, स्नेचिंग, लूट एवं अन्य गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अभियुक्त नावेद के खिलाफ भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं, जिससे गिरोह की आपराधिक प्रवृत्ति का खुलासा होता है।
बरामद वाहनों से कई मामलों के खुलासे की उम्मीद
बरामद किए गए दो-पहिया वाहनों में दिल्ली और गौतमबुद्धनगर से संबंधित कई मुकदमों की चोरी की गाड़ियाँ शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर अन्य लंबित मामलों के भी जल्द खुलासे किए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0-0047/2026, धारा 317(2)/317(5) बीएनएस के अंतर्गत थाना फेस-1 में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।।
