गौतमबुद्धनगर: नोएडा में शर्मनाक हरकत: चलती कार से महिलाओं को अश्लील इशारे, फ्लाइंग किस; वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने कसा शिकंजा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर नोएडा से चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। बीच सड़क पर कार सवार युवकों द्वारा महिलाओं को अश्लील इशारे करने और फ्लाइंग किस देने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। यह शर्मनाक घटना पर्थला पुल और सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के एलिवेटेड रोड की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चलती कार से फैमिली का किया पीछा, महिलाओं को किया परेशान
जानकारी के मुताबिक, एमजी हेक्टर कार में सवार तीन युवकों ने एक फैमिली की कार का पीछा किया और बार-बार महिलाओं की ओर अश्लील इशारे करने लगे। आरोपी युवकों ने महिलाओं को फ्लाइंग किस दी और अभद्र व्यवहार किया। फैमिली के साथ मौजूद युवक लगातार मना करता रहा और कहता सुना गया कि कार में महिलाएं मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
दो वीडियो आए सामने, महिलाएं दहशत में
इस पूरी घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।
पहले वीडियो में आरोपी युवक खुलेआम गंदे और अश्लील इशारे करते नजर आ रहे हैं।
दूसरे वीडियो में फैमिली के साथ मौजूद युवक आरोपियों से सवाल करता दिख रहा है—“भाई, क्या ड्रिंक कर रखी है? हमारे साथ फैमिली है, इस तरह की बदतमीजी क्यों कर रहे हो?”
घटना के बाद कार में सवार महिलाएं काफी डरी और सहमी हुई नजर आईं।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फेज-3 पुलिस ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर जांच शुरू की और कुछ ही समय में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना में इस्तेमाल की गई एमजी हेक्टर कार को भी जब्त कर लिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- अमित कुमार, निवासी आजमगढ़ (वर्तमान पता: जेवीएस सोसायटी, सेक्टर-135, थाना एक्सप्रेसवे, नोएडा)
- अभिषेक, निवासी कस्बा कुशमाहा, थाना किसली, जिला मैनपुरी (वर्तमान पता: जेवीएस सोसायटी, सेक्टर-135, थाना एक्सप्रेसवे, नोएडा)
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ महिला सम्मान से जुड़े कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समाज और कानून दोनों को और अधिक सख्त होने की जरूरत क्यों है।
