गौतमबुद्धनगर: दादरी में पुलिस–नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई, 19.5 किलो गांजा के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दादरी पुलिस एवं नारकोटिक्स सेल ने संयुक्त रूप से बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 19 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 फरवरी 2026 को थाना दादरी पुलिस एवं नारकोटिक्स सेल को मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध गांजा तस्करी में लिप्त हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने थाना क्षेत्रांतर्गत अम्बेडकर कॉलोनी के पास से दो अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामबाबू पुत्र अनूपलाल (उम्र करीब 55 वर्ष) तथा अंजे पर्वत पुत्र ललन पर्वत (उम्र करीब 24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में दादरी क्षेत्र के गगन विहार कॉलोनी में रह रहे थे। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त रामबाबू पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है, जिससे उसके शातिर तस्कर होने की पुष्टि होती है। उसके विरुद्ध दादरी एवं सिकन्द्राबाद (बुलंदशहर) थानों में पूर्व में भी गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
इस संबंध में थाना दादरी में मु0अ0सं0 0052/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश एवं तस्करी के स्रोत की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।।
