गोण्डा- सीडीओ अंकिता जैन की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार कक्ष में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन कार्ड लाभार्थियों, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, जीरो पॉवर्टी के चिन्हित परिवारों के एक सदस्य को समूहों से आच्छादित करने, स्वयं सहायता समूहों के गठन, समूह खातों के संचालन, समुदाय आधारित संगठनों की प्रोफाइलिंग, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, लखपति दीदी कार्यक्रम, संकुल स्तरीय संघों की बैठक, आंतरिक ऑडिट, विद्युत सखी, बीसी सखी, आरएफ एवं सीआईएफ उपलब्ध कराने तथा कैश क्रेडिट लिंकेज सहित अन्य बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विकास खण्ड कटरा बाजार के सहायक विकास अधिकारी के बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर उनका वेतन बाधित किया गया। साथ ही खण्ड विकास अधिकारी कटरा बाजार के बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया। राशन कार्ड लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने में खराब प्रगति वाले विकास खण्ड कर्नलगंज, बभनजोत, रूपईडीह एवं कटरा बाजार के सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) तथा ब्लॉक मिशन प्रबंधक का वेतन/मानदेय अवरुद्ध किया गया।
इसके अतिरिक्त विकास खण्ड पण्डरी कृपाल एवं छपिया के खण्ड विकास अधिकारियों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग न करने पर एक-एक दिवस का वेतन अवरुद्ध किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
