गौतमबुद्धनगर: सफाईकर्मियों को बड़ी राहत: भत्तों में वृद्धि, वर्षा से पहले रेनकोट और जल्द मिलेगी मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा!!
दो टूक// नोएडा, 24 फरवरी 2026।
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन, सेक्टर-6 में मंगलवार को श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता (2.5%) के माध्यम से कार्यरत सफाईकर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण अधिकारियों और सफाईकर्मी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत वार्ता हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी।
मासिक भत्तों में होगी वृद्धि
सफाईकर्मियों ने तेल, साबुन आदि आवश्यक वस्तुओं के लिए दिए जाने वाले मासिक भत्ते में बढ़ोतरी की मांग उठाई थी। प्राधिकरण ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए भत्ते में वृद्धि को शीघ्र प्रभाव से लागू करने पर सहमति दे दी है। इससे बड़ी संख्या में कार्यरत कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
वर्षा ऋतु से पहले मिलेगा रेनकोट
शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में तैनात सफाईकर्मियों को वर्षा ऋतु में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इसको देखते हुए वर्षा से पूर्व सभी संबंधित कर्मचारियों को रेनकोट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि वितरण समय से पहले सुनिश्चित किया जाएगा।
मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा का रास्ता साफ
बैठक में कर्मचारियों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों ने बताया कि सक्षम स्तर से इस प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। अब शीघ्र ही आरएफपी जारी कर एजेंसी का चयन किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।
सफाई व्यवस्था में सुधार को लेकर भी मंथन
शहर की साफ-सफाई की गुणवत्ता और स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को सिविल विभाग में विलय किए जाने का प्रस्ताव भी सामने आया। इस विषय पर विस्तृत विचार-विमर्श कर सभी संबंधित पक्षों को आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया जाएगा।
26 फरवरी को होगी अगली अहम बैठक
उक्त विषयों पर आगे की रणनीति तय करने के लिए 26 फरवरी 2026 को अपराह्न में सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में पुनः बैठक बुलाई गई है। इसमें विभिन्न संविदा कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं श्रम आपूर्तिकर्ता भी शामिल होंगे।
बैठक के बाद सफाईकर्मी संगठनों ने फैसलों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि घोषित निर्णय जल्द जमीनी स्तर पर लागू होंगे। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
