मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

होली से पहले मिलावट पर कड़ा प्रहार: गौतमबुद्धनगर में ताबड़तोड़ छापेमारी, 200 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट, 3 नमूने लैब भेजे गए!!

शेयर करें:

होली से पहले मिलावट पर कड़ा प्रहार: गौतमबुद्धनगर में ताबड़तोड़ छापेमारी, 200 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट, 3 नमूने लैब भेजे गए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 24 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत मंगलवार सुबह विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए और संदिग्ध सामग्री को नष्ट कराया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं सय्यद इबादुल्लाह की टीम ने तड़के ग्रेटर नोएडा के तिलपता स्थित चौधरी पनीर भंडार पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान लगभग 200 किलोग्राम पनीर पाया गया, जो प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं प्रदूषित प्रतीत हुआ। टीम ने पनीर का एक नमूना लेकर शेष स्टॉक को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस. के. पांडेय एवं ओ. पी. सिंह की टीम ने नोएडा के सेक्टर-45 स्थित गणेश्वरम रेस्टोरेंट से खोया का एक नमूना संग्रहित किया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-93 स्थित गोपाला स्वीट से भी खोया का एक नमूना जांच के लिए लिया।

इस प्रकार कुल तीन नमूने लेकर उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया कि होली जैसे बड़े त्योहार पर मिलावटखोरी की किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। आगे भी जनपदभर में औचक निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों को मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत विभाग को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।।