गौतमबुद्धनगर:अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की चुहड़पुर में जन-जागृति बैठक, समाज के उत्थान और संगठन मजबूती पर जोर!!
ग्रेटर नोएडा//चुहड़पुर।
दो टूक:: ग्रेटर नोएडा गुर्जर समाज में शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा चुहड़पुर गांव में एक भव्य जन-जागृति बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजन, युवा और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता श्री जयपाल भाटी ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री सविंदर भाटी एवं श्री प्रवीन भारतीय ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री हरिश्चंद्र भाटी उपस्थित रहे। उनके साथ मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री के.पी. कसाना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश विकल एवं गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष श्री अशोक भाटी विशेष रूप से मौजूद रहे। ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का पगड़ी बांधकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने गुर्जर समाज के समग्र उत्थान के लिए शिक्षा के विस्तार, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, संगठन को मजबूत करने तथा समाज के महापुरुषों की वीर गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर विस्तार से विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक एकता और जागरूकता ही विकास का मूल आधार है।
अपने ओजस्वी संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरिश्चंद्र भाटी ने समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि गुर्जर समाज ने देश के इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और समय-समय पर राष्ट्र निर्माण में अग्रणी योगदान दिया है। उन्होंने जोशीले अंदाज में कहा, “तुम मेरा साथ दो, मैं तुम्हारा परचम लहराऊंगा।” उनके इस आह्वान से उपस्थित लोगों में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर महासभा द्वारा पंकज रोसा को युवा राष्ट्रीय शिक्षा संयोजक के पद पर नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति का उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जिला अध्यक्ष अशोक भाटी की सक्रिय भूमिका रही केंद्र में
गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष श्री अशोक भाटी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन की मजबूती, समाज में शिक्षा के प्रसार और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सामाजिक एकजुटता और शिक्षा ही समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
श्री अशोक भाटी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय, समर्पित और जुझारू समाजसेवी के रूप में है। वे निरंतर गांव-गांव जाकर समाज को संगठित करने, युवाओं को जागरूक करने तथा सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से नई ऊर्जा भरने का कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में गौतमबुद्ध नगर में महासभा की गतिविधियों को नई गति मिली है।
बैठक के अंत में उन्होंने 27 फरवरी को अखिल भारतीय गुर्जर संस्कृति शोध संस्थान “गुर्जर भवन” में आयोजित होने वाले विजय सिंह पथिक जयंती कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
इस जन-जागृति बैठक में जितेंद्र विकल, नामित भाटी, दीपक भाटी, प्रमोद भाटी, महरचंद प्रधान, विजयपाल शास्त्री, देशपाल भाटी, नरेंद्र भाटी, शशांक भाटी, जयराज भाटी, मास्टर सबेराम सहित भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मूल उद्देश्य समाज को संगठित कर शिक्षा, जागरूकता और समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। अंत में सभी ने एकजुट होकर समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया।।
