लखनऊ :
लोक बन्धु हास्पिटल ने नगर निगम कार्यालय मे लगाया रक्तदान शिविर।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के लोक बंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय एवं इंस्टा माहेश्वरी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम जोन 1 लालबाग परिसर में दो दिवसीय बृहद चिकित्सा कैंप, रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
विस्तार :
सोमवार को आयोजित रक्तदान शिविर
कार्यक्रम का शुभारंभ लोक बंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। शिविर का विधिवत उद्घाटन लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में महापौर महोदया ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा में योगदान देना चाहिए।
शिविर के दौरान चिकित्सालय की विशेषज्ञ मेडिकल टीम द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें—
• नेत्र परीक्षण एवं परामर्श
• स्त्री एवं प्रसूति रोग परामर्श
• आयुष चिकित्सा परामर्श
• होम्योपैथी चिकित्सा
• सामान्य रोग परीक्षण
• रक्त परीक्षण एवं ब्लड ग्रुप जांच
• स्वैच्छिक रक्तदान सुविधा
शिविर में डॉ. विनय कुमार वर्मा (नेत्र सर्जन), डॉ. विवेक जोशी, एस.पी. उपाध्याय, राज कुमार पाण्डेय, डॉ. सुरभि रानी, डॉ. अफसर अहमद, एस.के. दीक्षित, नीतू भारती, चंदन, आशीष, अमित सहित अनेक चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने समर्पित भाव से सेवाएं प्रदान कर शिविर को सफल बनाया।
दोनों दिनों में कुल 301 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 201 व्यक्तियों का रक्त परीक्षण किया गया तथा 180 लोगों के ब्लड ग्रुप की जांच की गई। शिविर के दौरान 06 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
रक्तदाताओं को अल्पाहार, प्रमाणपत्र एवं डोनर कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित जनसमुदाय को रक्तदान के वैज्ञानिक, सामाजिक एवं मानवीय महत्व के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि दाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ त्रिपाठी ने बताया कि इस तरह का शिविर जनसेवा, सामाजिक सहभागिता एवं स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। लोकबंधु अस्पताल में हड्डी के मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन शुरू हुआ है ।आयोजकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
