सोमवार, 2 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: जिला स्वास्थ्य सेवाओं की कड़ी समीक्षा: ओपीडी, टेली कंसल्टेशन व टीकाकरण में लापरवाही पर सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जिला स्वास्थ्य सेवाओं की कड़ी समीक्षा: ओपीडी, टेली कंसल्टेशन व टीकाकरण में लापरवाही पर सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

डीवीओ की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की अहम बैठक, कमजोर प्रदर्शन पर जताई नाराजगी

दो टूक// गौतमबुद्धनगर | 02 फरवरी 2026

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर शिव प्रताप परमेश की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं की समीक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बादलपुर की अपेक्षाकृत कमजोर उपलब्धियों पर जिला विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और ओपीडी सेवाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन पर विशेष फोकस

ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन की समीक्षा में समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रतिदिन न्यूनतम 10 टेली कंसल्टेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा में यह सामने आया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौला की चिकित्साधिकारी डॉ. गुंजन द्वारा जनपद में सबसे कम टेली कंसल्टेशन किए गए हैं, जिस पर उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर सख्त निर्देश

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान सभी टीकाकरण सत्रों पर आवश्यक लॉजिस्टिक की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही अद्यतन माइक्रो प्लान के अनुसार आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से सभी लाभार्थियों को टीकाकरण सत्रों तक लाने के निर्देश दिए गए।

जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) को निर्देशित किया गया कि सभी वीएचएनडी सत्रों पर बच्चों के वजन मापने की मशीन सहित आवश्यक उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।

शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सत्रों के लिए स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश

नोएडा प्राधिकरण को निर्देशित किया गया कि शहरी क्षेत्रों में यूएचएनडी सत्रों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि गर्भवती महिलाओं की जांच सुचारु रूप से की जा सके।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की समीक्षा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत 10 फरवरी को 01 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु संबंधित नोडल अधिकारी को डीआईओएस, बीएसए एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

जननी सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत पर जोर

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में सभी लाभार्थियों को शत-प्रतिशत आच्छादित करने एवं भुगतान समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
वहीं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ऑपरेटर आईडी बनवाने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस को दिए गए।

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 100 प्रतिशत डीबीटी भुगतान सुनिश्चित करें तथा ट्यूबरक्यूलर प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट को भी शत-प्रतिशत तक पहुंचाया जाए।

बैठक का सफल संचालन डीपीएम डॉ. मंजीत द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय राणा, एसीएमओ डॉ. आर.के. सिरोहा, डिप्टी सीएमओ डॉ. उबेद कुरैशी, डीटीओ डॉ. आरपी सिंह, डीएमओ डॉ. श्रुति कीर्ति वर्मा, समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।।