मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: पॉक्सो व गैंगस्टर मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पॉक्सो व गैंगस्टर मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शासकीय अधिवक्ताओं के साथ अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

गौतमबुद्धनगर | 03 फरवरी, 2026

दो टूक// जनपद गौतमबुद्धनगर में अभियोजन कार्यों को और अधिक प्रभावी व परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शासकीय अधिवक्ताओं के साथ मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पॉक्सो, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर आपराधिक प्रकरणों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पॉक्सो, गैंगस्टर एवं अभियोजन से जुड़े सभी मामलों की शासन स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। ऐसे में शासकीय अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे इन मामलों में प्रभावी पैरवी करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिल सके और शासन की मंशा को धरातल पर उतारा जा सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अपराधी प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए तथा उनकी अद्यतन सूची समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन मामलों में अभियुक्तों की दोषमुक्ति हो चुकी है, उनकी विस्तृत रिपोर्ट समय से प्रस्तुत की जाए, जिससे मासिक समीक्षा बैठकों में ऐसे प्रकरणों में अपील दायर किए जाने को लेकर ठोस निर्णय लिया जा सके।

उन्होंने शासकीय अधिवक्ताओं से अपेक्षा जताई कि अभियोजन कार्यों को सुनियोजित, गंभीरता एवं पूर्ण तैयारी के साथ संपादित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक वादों का निस्तारण शासन एवं न्यायहित में सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अभियोजन की मजबूती से ही अपराधियों में कानून का भय स्थापित किया जा सकता है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित जनपद के समस्त शासकीय अधिवक्तागण उपस्थित रहे।।