मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और बालिकाओं के भविष्य पर प्रशासन का फोकस !!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और बालिकाओं के भविष्य पर प्रशासन का फोकस !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
आई कैंप और एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

गौतमबुद्धनगर | 03 फरवरी, 2026

दो टूक// जनपद गौतमबुद्धनगर में विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विद्यार्थियों हेतु नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर तथा बालिकाओं के सर्वाइकल (एचपीवी) वैक्सीनेशन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविरों का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने विद्यालय स्तर पर नियमित और सुदृढ़ स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि समय रहते बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनका उचित उपचार किया जाना बेहद आवश्यक है।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं को शत-प्रतिशत टीकाकरण के दायरे में लाया जाए, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारी से उन्हें सुरक्षित रखा जा सके। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और बालिकाओं का सुरक्षित भविष्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।